Last Updated on: Sep 5, 2026
Inclusive Education समावेशी कक्षा में विविध बच्चे सीखने की गतिविधि में भाग लेते हुएसमावेशी कक्षा में प्रत्येक बच्चे की सहभागिता और सीखने को महत्व दिया जाता है।

Inclusive Education को  अक्सर इस रूप में समझा जाता है कि सभी बच्चों को एक ही कक्षा में साथ पढ़ाया जाए। लेकिन क्या केवल एक ही कमरे में बैठना समावेशी शिक्षा है? यदि कुछ बच्चे कक्षा में उपस्थित तो हैं, पर सीखने की प्रक्रिया में सक्रिय नहीं हैं, तो क्या वह कक्षा वास्तव में समावेशी है?

समावेशी शिक्षा इससे कहीं व्यापक अवधारणा है। इसमें बच्चे की पृष्ठभूमि, सीखने की गति, भाषा, लिंग, सामाजिक परिस्थिति या विशेष आवश्यकता को समझते हुए सीखने में उसकी भागीदारी सुनिश्चित करना शामिल है। इसलिए समावेशी कक्षा को समझने के लिए केवल यह देखना पर्याप्त नहीं है कि कितने बच्चे उपस्थित हैं। हमें यह भी देखना होगा कि कितने बच्चे भाग ले रहे हैं, सीख रहे हैं और स्वयं को कक्षा का हिस्सा महसूस कर रहे हैं।

इस लेख में Inclusive Education को इसी व्यापक दृष्टि से समझेंगे। साथ ही, छत्तीसगढ़ की एक प्राथमिक कक्षा के वास्तविक अवलोकन के आधार पर देखेंगे कि समावेशी शिक्षण व्यवहार में कैसा दिखाई देता है।

Inclusive Education क्या है?

समावेशी शिक्षा की सामान्य समझ यही है कि सभी बच्चे एक साथ, एक ही कक्षा में सीखें Inclusive Education ऐसी शिक्षा-व्यवस्था है जिसमें विविध क्षमताओं और पृष्ठभूमियों वाले बच्चों के लिए सीखने में भागीदारी और सफलता के अवसर बनाए जाते हैं। इसमें विद्यालय और शिक्षक बच्चों की विविध आवश्यकताओं के अनुसार वातावरण, शिक्षण-पद्धति, सामग्री और सहायता में आवश्यक बदलाव करते हैं।

इसलिए समावेशी शिक्षा का मूल प्रश्न है—

“क्या हर बच्चा केवल कक्षा में उपस्थित है, या वह वास्तव में सीखने की प्रक्रिया में शामिल भी है?”

भारत में समग्र शिक्षा के तहत समावेशी शिक्षा का मतलब केवल बच्चों को एक ही कक्षा में बैठाना नहीं है। इसमें बच्चों की अलग-अलग जरूरतों को पहचानना, उन्हें जरूरी सहायक साधन देना, विद्यालय में आने-जाने और सीखने में आने वाली बाधाओं को दूर करना, उनकी जरूरत के अनुसार शिक्षण-सामग्री का उपयोग करना और शिक्षकों को इसके लिए तैयार करना भी शामिल है।

समावेशी शिक्षा को चार स्तरों पर समझें

Inclusive Education को केवल “सबको साथ पढ़ाना” मानने के बजाय चार क्रमिक स्तरों पर देखना उपयोगी है।

स्तरमुख्य प्रश्न
Access – पहुँचक्या बच्चा विद्यालय और कक्षा तक पहुँच पा रहा है?
Participation – सहभागिताक्या वह गतिविधियों और संवाद में शामिल है?
Learning – सीखनाक्या वह अपेक्षित ज्ञान और कौशल विकसित कर रहा है?
Belonging – अपनापनक्या उसे लगता है कि वह इस कक्षा का बराबर सदस्य है?

उदाहरण

यदि कोई बच्चा विद्यालय में नियमित आता है, लेकिन गतिविधियों में कभी भाग नहीं लेता, तो Access है, लेकिन Participation कमजोर है।

यदि बच्चा गतिविधि में भाग लेता है, लेकिन बार-बार असफल हो रहा है, तो शिक्षक को आगे Learning पर ध्यान देना होगा।

इसलिए समावेशी कक्षा की सफलता केवल उपस्थिति या सहभागिता से नहीं, बल्कि सीखने और अपनत्व से भी जुड़ी है।

समानता और समता में अंतर

समावेशी शिक्षा में समानता और समता का अंतर
समावेशी शिक्षा में समान अवसर के साथ आवश्यकतानुसार सहायता भी महत्वपूर्ण है।

Inclusive Education को समझने के लिए Equality और Equity का अंतर समझना आवश्यक है।

समानता (Equality) का अर्थ है सभी बच्चों को समान अवसर देना।

समता (Equity) का अर्थ है बच्चों की अलग-अलग आवश्यकताओं को समझकर आवश्यक सहायता देना।

एक सरल उदाहरण

मान लीजिए शिक्षक ने पूरी कक्षा को एक ही प्रश्न दिया। यह समान अवसर है।

लेकिन दो बच्चों को प्रश्न समझने में कठिनाई हो रही है। शिक्षक उन्हें अतिरिक्त संकेत देता है। यह समता है।

इसलिए—

समान अवसर का अर्थ हमेशा समान सहायता नहीं होता।

समावेशी शिक्षा में शिक्षक यह पहचानता है कि किस बच्चे को किस प्रकार की सहायता चाहिए।

समग्र शिक्षा में भी इस बात पर जोर दिया गया है कि बच्चों की जरूरत के अनुसार उन्हें जरूरी साधन, सीखने-सिखाने की सामग्री और आवश्यक सहयोग दिया जाए, ताकि वे कक्षा की गतिविधियों में पूरी तरह भाग ले सकें।

Inclusive Education किन बच्चों के लिए है?

समावेशी शिक्षा को केवल विशेष आवश्यकता वाले बच्चों तक सीमित करना उचित नहीं होगा।

कक्षा में विविधता कई रूपों में दिखाई दे सकती है, जैसे-

  • अलग-अलग सीखने की गति वाले बच्चे
  • अलग भाषाई पृष्ठभूमि वाले बच्चे
  • लड़के और लड़कियाँ
  • सामाजिक एवं आर्थिक रूप से वंचित बच्चे
  • आदिवासी एवं अन्य सामाजिक समूहों से आने वाले बच्चे
  • अनियमित उपस्थिति वाले बच्चे
  • दिव्यांग बच्चे
  • सीखने में विशेष कठिनाई वाले बच्चे
  • अलग-अलग पूर्व-अधिगम अनुभव वाले बच्चे

इसलिए शिक्षक के लिए महत्वपूर्ण प्रश्न है—

“मेरी कक्षा में कौन-सा बच्चा अभी सीखने की प्रक्रिया से बाहर रह गया है?”

यही प्रश्न inclusive pedagogy की शुरुआत कर सकता है।

भारत की शिक्षा-व्यवस्था में Inclusive Education

भारत में समावेशी शिक्षा का विचार समान अवसर और शिक्षा के अधिकार से जुड़ा हुआ है। राष्ट्रीय नीतियों और योजनाओं में इसका विस्तार अलग-अलग रूपों में हुआ है।

NCF 2005

NCF 2005 ने विद्यालयों को ऐसा स्थान बनाने पर जोर दिया जहाँ सभी बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित हो। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों और कठिन परिस्थितियों में रहने वाले बच्चों को भी शिक्षा से लाभ मिलना चाहिए। साथ ही, शिक्षक की planning में ऐसी गतिविधियों को स्थान देने की बात कही गई जो सभी बच्चों की भागीदारी बढ़ाएँ।

NEP 2020

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में equitable and inclusive education को महत्वपूर्ण प्राथमिकता दी गई है। इसमें सामाजिक और आर्थिक रूप से वंचित समूहों तथा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है।

NEP 2020 को लागू करने में Samagra Shiksha महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसके inclusive education component में CwSN के लिए पहचान, assessment, accessibility, assistive support, teaching-learning material और शिक्षक प्रशिक्षण जैसे प्रावधान शामिल हैं।

NIPUN Bharat

Foundational Literacy and Numeracy के संदर्भ में भी प्रत्येक बच्चे तक पहुँच और उसकी सीखने की प्रगति महत्वपूर्ण हैं। NIPUN Bharat का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे को foundational literacy और numeracy की अपेक्षित दक्षताओं तक पहुँचाना है।

InclusiveClassroom कैसी दिखाई देती है?

InclusiveClassroom की पहचान केवल उसकी गतिविधियों से नहीं, बल्कि शिक्षक के व्यवहार और बच्चों की वास्तविक भागीदारी से भी की जा सकती है।

एक समावेशी कक्षा में सामान्यतः—

सबकी भागीदारी: शिक्षक कक्षा के हर बच्चे को मौका देता है, न कि सिर्फ़ जल्दी सीखने वाले बच्चों पर निर्भर रहता है।

गलतियों से सीख: गलत उत्तर आने पर वह बच्चे को टोकने के बजाय उसी से सीखने का अवसर पैदा करता है।

व्यक्तिगत ध्यान: हर बच्चे की सीखने की अपनी गति होती है; शिक्षक इस ज़रूरत को समझकर अलग से अतिरिक्त सहायता प्रदान करता है।

समान अवसर: शिक्षक लड़कों और लड़कियों दोनों को बिना किसी भेदभाव के समान अवसर देता है।

विविधता का सम्मान: कक्षा में बच्चों की अलग-अलग सामाजिक और भाषाई पृष्ठभूमि को स्वीकारता है और उसका सम्मान करता है।

अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता: बच्चों को सिर्फ सुनने तक सीमित नहीं रखता, बल्कि उन्हें खुलकर बोलने, सोचने और सवाल पूछने की पूरी आज़ादी देता है।

आकलन का सही उद्देश्य: आकलन (Assessment) का इस्तेमाल बच्चों को केवल नंबर देने या बांटने के लिए नहीं, बल्कि उनकी सीखने की ज़रूरतों को समझने के लिए करता है।

सुरक्षित माहौल: कक्षा में एक ऐसा सुरक्षित और समावेशी वातावरण बनाता है जहाँ हर बच्चा बिना किसी डर या झिझक के सीख सके।

Inclusive Pedagogy: शिक्षक क्या कर सकते हैं?

Inclusive Pedagogy का अर्थ केवल activity कराना नहीं है। इसका उद्देश्य ऐसी शिक्षण प्रक्रिया बनाना है जिसमें विविध बच्चों के लिए सीखने के रास्ते उपलब्ध हों।

कुछ उपयोगी तरीके-

बाल-केंद्रित शिक्षण:

बच्चों को केवल सुनने वाला नहीं, बल्कि सीखने की प्रक्रिया का सक्रिय भागीदार बनाना।

Interactive Learning:

प्रश्न, चर्चा और संवाद के माध्यम से बच्चों को सोचने का अवसर देना।

Activity और Experiential Learning:

करके, देखकर और अनुभव से सीखने के अवसर देना।

Differentiated Support:

सभी बच्चों को एक ही सहायता देने के बजाय आवश्यकता के अनुसार support देना।

Peer Learning:

बच्चों को एक-दूसरे से सीखने और समझाने का अवसर देना।

Accessible Learning Material:

जहाँ आवश्यक हो, वहाँ उपयुक्त और सुलभ लर्निंग मटेरियल उपलब्ध कराना।

Formative Assessment:

assessment के माध्यम से यह पता लगाना कि कौन-सा बच्चा क्या समझ पाया और किसे आगे सहायता चाहिए।

एक वास्तविक Inclusive Classroom का अवलोकन

अब सिद्धांत से वास्तविक कक्षा की ओर चलते हैं।

लेखक की टिप्पणी:
इस लेख में प्रस्तुत कक्षा-अवलोकन मेरे द्वारा पूर्व में किए गए एक वास्तविक कक्षा-अवलोकन पर आधारित है। उस समय मैं [अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन] में कार्यरत था। लेख में उल्लिखित शाला, संकुल और शिक्षक के नाम वास्तविक हैं। इस अवलोकन का उद्देश्य संबंधित शिक्षक का मूल्यांकन करना नहीं, बल्कि कक्षा में समावेशी शिक्षण के कुछ व्यवहारों को समझने का एक वास्तविक उदाहरण प्रस्तुत करना है।

छत्तीसगढ़ के धरसींवा विकासखंड के संकुल लभांडी की एक प्राथमिक शाला में शिक्षक परषोत्तम बघेल कक्षा 5 में तीन अंकों की संख्या को दो अंकों की संख्या से गुणा करना सिखा रहे थे। कक्षा में 35 बच्चे उपस्थित थे।

समावेशी कक्षा में शिक्षक द्वारा गणित सीखने की प्रक्रिया में बच्चों की सहभागिता
चरणबद्ध प्रश्नों और संवाद के माध्यम से बच्चों को सीखने की प्रक्रिया में शामिल करना।

शिक्षक ने शुरुआत में पूछा—

“किस-किस को दो अंकों की एक संख्या को एक अंकों की संख्या से गुणा करना आता है?”

लगभग पूरी कक्षा ने हाथ उठाया। तीन बच्चों ने हाथ नहीं उठाया।

इसके बाद शिक्षक ने पूछा-

तीन अंकों की संख्या को दो अंकों की संख्या से गुणा करना किसे आता है? अधिकांश बच्चों ने हाथ उठाया।

कुछ बच्चों ने कहा—

“सर, एक बार फिर से बता दीजिए।”

यहीं से एक महत्वपूर्ण बात दिखाई देती है।

शिक्षक ने यह मानकर आगे नहीं बढ़ा कि “अधिकांश बच्चों को आता है, इसलिए सभी को आता होगा।”

उन्होंने प्रक्रिया को चरणों में बाँटा।

एक-एक चरण में बच्चों को जोड़ना

शिक्षक ने निर्देश दिया—

“मैं जिस बच्चे से पूछूंगा, वही जवाब देगा।”

इसके बाद उन्होंने अलग-अलग बच्चों से अलग-अलग चरणों में प्रश्न पूछे।

किसी बच्चे से पूछा—

“इस सवाल में क्या करना है?”

दूसरे से—

“किसका गुणा किसके साथ करना है?”

फिर किसी अन्य बच्चे से—

“गुणा करने के लिए सबसे पहले क्या करना होगा?”

बच्चे के उत्तर के आधार पर शिक्षक ने अगला चरण आगे बढ़ाया।

इस तरह पूरा सवाल एक ही बच्चे से हल करवाने के बजाय शिक्षक ने समस्या-समाधान की प्रक्रिया को छोटे-छोटे चरणों में बाँटा और अलग-अलग बच्चों को उसमें शामिल किया।

यह inclusive practice का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है।

गलती को सीखने का अवसर बनाना

एक बच्चे ने 48 को “84” लिख दिया।

शिक्षक ने तुरंत केवल “गलत” नहीं कहा। उन्होंने बच्चे को सोचने और अपनी गलती सुधारने का अवसर दिया। संकेत देने के बाद बच्चे ने स्वयं सही क्रम बताया और शिक्षक ने 48 लिखा।

यहाँ शिक्षक का व्यवहार महत्वपूर्ण है।

गलती → सुधार → पुनः प्रयास

यानी, गलती बच्चे को कक्षा से बाहर करने का कारण नहीं बनी। वह सीखने की प्रक्रिया का हिस्सा बनी।

क्या assessment भी Inclusive था?

सवाल हल होने के बाद शिक्षक ने पाँच बच्चों को बोर्ड पर प्रश्न हल करने के लिए बुलाया। दो बच्चे सही हल नहीं कर पाए।

शिक्षक ने उन्हें केवल गलत बताकर छोड़ नहीं दिया। उन्होंने पूरी कक्षा के साथ उन प्रश्नों पर पुनः चर्चा की।

इसके बाद पाँच बच्चियों को बोर्ड पर बुलाया गया।

यहाँ assessment के दो महत्वपूर्ण पहलू दिखाई देते हैं—

पहला: शिक्षक ने यह देखा कि कौन से बच्चे अभी नहीं सीख पाए हैं।

दूसरा: उन्होंने उस जानकारी के आधार पर पुनः शिक्षण किया।

यही assessment को learning support से जोड़ने की दिशा है।

इस कक्षा में क्या समावेशी था?

सक्रिय भागीदारी: कक्षा की हर गतिविधि में हर बच्चे के जुड़ने और भाग लेने की गुंजाइश बनाना।

संकेतों से मदद: जब कोई बच्चा गलत उत्तर दे, तो उसे सीधे रोकने के बजाय सही दिशा में सोचने के लिए छोटे-छोटे सुराग या इशारे देना।

सहानुभूतिपूर्ण शिक्षण: बच्चों को बिना किसी झिझक या डर के सीखने और अपनी बात रखने का माहौल देना।

चरणबद्ध प्रश्न: बच्चों की सोच को धीरे-धीरे आगे बढ़ाने के लिए सरल से कठिन की ओर बढ़ते हुए क्रमबद्ध सवाल पूछना।

सीखने की पहुंच: शिक्षण सामग्री और तरीकों को इस तरह तैयार करना कि हर बच्चा अपनी क्षमता के अनुसार आसानी से सीख सके।

पुनः चर्चा: किसी अवधारणा (Concept) को सिर्फ़ एक बार बताकर छोड़ने के बजाय उस पर बच्चों के साथ बार-बार बातचीत करना।

सीखने के लिए आकलन: आकलन को अंक देने का जरिया न बनाकर यह समझने का आधार बनाना कि बच्चों को आगे और किस मदद की ज़रूरत है।

अनियमित बच्चों को जोड़ना: जो बच्चे किसी कारण से नियमित स्कूल नहीं आ पाते, उन्हें भी मुख्यधारा से जोड़ते हुए सीखने के विशेष मौके देना।

समान भागीदारी: लड़कों-लड़कियों और अलग-अलग गति से सीखने वाले सभी बच्चों को समान अवसर देना।

सामाजिक पृष्ठभूमि से परे: बच्चे के पारिवारिक या सामाजिक परिवेश से निरपेक्ष होकर कक्षा में सबको बराबरी का स्थान देना।

पूरी प्रक्रिया को देखने पर कई inclusive practices दिखाई देती हैं-

अवलोकित व्यवहारInclusive दृष्टि
अलग-अलग बच्चों से प्रश्नव्यापक सहभागिता
लड़के और लड़कियाँ दोनोंGender equity
कमजोर बच्चों से भी प्रश्नParticipation
गलत उत्तर पर संकेतSupportive Learning
चरणबद्ध प्रश्नLearning accessibility
पुनः चर्चाAssessment for Learning
अनियमित उपस्थित बच्चों को अवसरसमान भागीदारी
सामाजिक पृष्ठभूमि की परवाह किए बिना अवसरSocial inclusion

अवलोकन के अनुसार शिक्षक ने नियमित और अनियमित दोनों तरह के बच्चों को अवसर दिया। उन्होंने उन बच्चों से भी प्रश्न किए जो प्रारम्भ में हाथ नहीं उठा रहे थे। कमजोर बच्चों के लिए अतिरिक्त प्रयास किया गया।

फिर भी इसे और बेहतर कैसे बनाया जा सकता है?

यहाँ एक महत्वपूर्ण बात समझना जरूरी है।

InclusiveClassroom का अर्थ यह नहीं है कि शिक्षक ने जो किया वह अंतिम या पूर्ण मॉडल है।

इस कक्षा को और inclusive बनाने के लिए कुछ सुझाव ये हो सकते हैं-

  1. बच्चों को pair या small group में चर्चा का अवसर देना।
  2. अलग-अलग learning levels के लिए अलग support पर ध्यान देना।
  3. बच्चों को एक-दूसरे की strategy समझाने में मदद करना।
  4. visual या concrete material का उपयोग करना।
  5. कठिनाई वाले बच्चों के लिए अतिरिक्त अभ्यास के मौके उपलब्ध करना/समय देना।
  6. assessment के बाद individual learning needs दर्ज कर सकते थे।
  7. बच्चों से पूछ सकते थे कि उन्हें किस तरीके से सीखना आसान लगता है।
  8. इससे participation के साथ Learning भी मजबूत होती है।
  9. Inclusive Education को पहचानने के लिए 8 प्रश्न

किसी भी कक्षा के observation के समय शिक्षक, academic mentor या school leader इन प्रश्नों का उपयोग कर सकते हैं—

  1. क्या सभी बच्चे सीखने की गतिविधि में शामिल हैं?
  2. क्या शिक्षक केवल कुछ तेज बच्चों से ही प्रश्न करता है?
  3. क्या गलत उत्तर देने वाले बच्चों को दोबारा अवसर मिलता है?
  4. क्या बच्चों की अलग-अलग Learning needs पहचानी जाती हैं?
  5. क्या लड़के और लड़कियाँ समान रूप से भाग लेते हैं?
  6. क्या कमजोर बच्चों को आवश्यक अतिरिक्त support मिलता है?
  7. क्या assessment के बाद teaching में बदलाव किया जाता है?
  8. क्या बच्चे कक्षा में स्वयं को सुरक्षित और सम्मानित सदस्य के रूप में महसूस करते हैं?

इन आठ प्रश्नों से classroom observation को केवल “अच्छी कक्षा/खराब कक्षा” के निर्णय से आगे बढ़कर inclusive classroom analysis में बदला जा सकता है।

Inclusive Education से क्या होगा? और इसमें क्या चुनौतियाँ आयेंगी-

क्या होगा?

  • बच्चों की सहभागिता बढ़ती है।
  • सीखने के अवसर अधिक न्यायपूर्ण होते हैं।
  • भेदभाव और बहिष्करण कम करने में मदद मिलती है।
  • बच्चों में सहयोग और संवेदनशीलता विकसित होती है।
  • शिक्षक को बच्चों की वास्तविक Learning needs को समझने में मदद मिलती है।

प्रमुख चुनौतियाँ

  • बड़ी कक्षा में प्रत्येक बच्चे पर ध्यान देना।
  • बच्चों की learning levels में अंतर।
  • उपयुक्त learning material की उपलब्धता।
  • accessibility से जुड़ी बाधाएँ।
  • शिक्षक की inclusive pedagogy में पर्याप्त तैयारी।
  • assessment में विविधता को स्वीकार करना।

इसलिए Inclusive Education केवल शिक्षक की व्यक्तिगत कोशिश नहीं है। इसके लिए विद्यालयी संस्कृति, नेतृत्व, संसाधन, शिक्षक की क्षमता और support system भी आवश्यक हैं।

कुछ महत्वपूर्ण सुझाव: Inclusive Classroom के लिए एक सरल सूत्र

किसी शिक्षक के लिए इसे एक सरल सूत्र में समझा जा सकता है—

देखें → पहचानें → शामिल करें → सहायता दें → आकलन करें → फिर से सिखाएँ

अर्थात-

  • पहले देखें कि कौन सा बच्चा पीछे रह रहा है।
  • फिर उसकी कठिनाई पहचानें।
  • उसे सीखने की प्रक्रिया में शामिल करें।
  • आवश्यक सहायता दें।
  • फिर assessment करें।
  • और जहाँ आवश्यकता हो, वहाँ पुनः शिक्षण करें।

निष्कर्ष

Inclusive Education का अर्थ केवल सभी बच्चों को एक कक्षा में बैठाना नहीं है। इसका वास्तविक अर्थ है—ऐसा learning environment बनाना जहाँ विविधता को स्वीकार किया जाए, barriers को कम किया जाए और प्रत्येक बच्चे को सीखने, भाग लेने तथा आगे बढ़ने का अवसर मिले।

मेरे द्वारा  देखी गई कक्षा में शिक्षक ने अलग-अलग बच्चों को प्रश्नों और गतिविधियों में शामिल किया। गलतियों को सुधारने का अवसर दिया। लड़कों और लड़कियों को अवसर दिया गया। कमजोर बच्चों पर अतिरिक्त ध्यान दिया। इस दृष्टि से कक्षा में Participation और Equity के कई मजबूत संकेत दिखाई देते हैं।

लेकिन एक और महत्वपूर्ण कदम है—

क्या प्रत्येक बच्चा केवल भाग ले रहा है, या वास्तव में सीख रहा है?

यही प्रश्न Inclusive Education को participation से आगे learning और belonging तक ले जाता है।

इसलिए समावेशी कक्षा को पहचानने का सबसे सरल तरीका शायद यही है—

“क्या इस कक्षा में हर बच्चे के लिए सीखने का कोई रास्ता मौजूद है?”

यदि उत्तर “हाँ” की दिशा में लगातार बढ़ रहा है, तो हम एक अधिक न्यायपूर्ण, समतामूलक और समावेशी शिक्षा-व्यवस्था की ओर बढ़ रहे हैं।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न-

1. Inclusive Education क्या है?

यदि नीतिगत दस्तावेजों को देखें तो – Inclusive Education एक ऐसी कक्षा/शिक्षा है जिसमें अलग-अलग आवश्यकताओं और सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमियों वाले बच्चों के लिए सीखने में भागीदारी और सफलता के अवसर बनाए जाते हैं। इसमें विद्यालय और शिक्षक आवश्यकतानुसार वातावरण, शिक्षण-पद्धति, सामग्री और सहायता में बदलाव करते हैं।

2. क्या Inclusive Education केवल दिव्यांग बच्चों के लिए है?

नहीं। दिव्यांग बच्चे इसका महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, लेकिन Inclusive Education व्यापक अवधारणा है। इसमें सामाजिक, आर्थिक, भाषाई, लैंगिक और सीखने से जुड़ी विविधताओं को भी ध्यान में रखा जाता है।

3. Inclusive Classroom की पहचान कैसे करें?

यह देखें कि क्या सभी बच्चों को सीखने में भाग लेने का अवसर मिलता है, क्या उनकी अलग-अलग आवश्यकताओं को पहचाना जाता है और क्या शिक्षक आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सहायता देता है।

4. Equality और Equity में क्या अंतर है?

Equality का अर्थ सभी को समान अवसर देना है। Equity का अर्थ आवश्यकतानुसार अलग या अतिरिक्त सहायता देकर अवसरों को अधिक न्यायपूर्ण बनाना है।

5. क्या Child-centred Classroom हमेशा Inclusive होती है?

जरूरी नहीं, इसमें सावधानी की जरुरत होगी. बाल-केंद्रित कक्षा में बच्चे सक्रिय हो सकते हैं। लेकिन Inclusive Classroom यह भी सुनिश्चित करती है कि अलग-अलग क्षमताओं और पृष्ठभूमियों वाले बच्चे वास्तव में सीखने की प्रक्रिया में शामिल हों।

6. शिक्षक Inclusive Education को कक्षा में कैसे लागू कर सकते हैं?

शिक्षक अलग-अलग बच्चों से प्रश्न पूछकर, समूह कार्य, गतिविधि, differentiated support, peer learning और formative assessment के माध्यम से उन्हें अधिक प्रभावी ढंग से शामिल कर सकता है।

अब आप सोचें-

क्या आपके विद्यालय में ऐसी कोई कक्षा है जहाँ शिक्षक बच्चों की विविधता को ध्यान में रखते हुए सभी को सीखने का अवसर देता है?

अपने classroom observation को केवल “अच्छी कक्षा” कहकर समाप्त न करें। देखें—

  • कौन शामिल है?
  • कौन पीछे रह गया है?
  • किसके लिए किस सहायता की जरूरत है?
  • और क्या हर बच्चा वास्तव में सीख रहा है?

ऐसे ही छोटे-छोटे अवलोकन Inclusive Education को व्यवहार में समझने का रास्ता खोलते हैं।

अंतिम टीप-

Inclusive Education ऐसी शिक्षा-व्यवस्था है जिसमें सभी बच्चों की विविध क्षमताओं, आवश्यकताओं और पृष्ठभूमियों को ध्यान में रखते हुए उन्हें सीखने में भाग लेने और सफल होने के अवसर दिए जाते हैं। इसका उद्देश्य केवल साथ पढ़ाना नहीं, बल्कि barriers कम करके participation, learning और belonging को बढ़ाना है।

समावेशी शिक्षा पर अन्य लेख के लिए इस लिंक में जा सकते हैं- https://www.researchgate.net/publication/293337563_Inclusive_Education

अन्य महत्वपूर्ण लेख – शिक्षा का उद्देश्य ,

बच्चों में Mathematical Thinking विकसित करने के तरीके

शैक्षिक प्रक्रिया- उद्देश्य, तैयारी, शिक्षण प्रक्रिया, आकलन और चिंतनशील सोच 

Share this article

Discover more from RST EDU

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

By Radhe Shyam Thawait

Radhe Shyam Thawait is an educational consultant, teacher educator, and curriculum specialist with over 30 years of experience in school education. As the Founder of RST EDU, he publishes research-based educational resources, practical classroom strategies, and leadership insights to support teachers, school leaders, teacher educators, and education professionals while promoting the effective implementation of NEP 2020 and NCF 2023.